अजमेर में विमुक्ति दिवस का आयोजन, 150 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा; शिक्षा और दस्तावेज उपलब्ध कराने पर जोर

3 Min Read

अजमेर के राजस्थान महिला कल्याण मंडल में विमुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गाड़िया लोहार, कालबेलिया और बंजारा सहित विभिन्न समुदायों के 150 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। इस दौरान समुदायों की सामाजिक स्थिति, शिक्षा, बुनियादी दस्तावेज और सरकारी योजनाओं तक पहुंच जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

राजस्थान महिला कल्याण मंडल के निदेशक राकेश कुमार कौशिक ने बताया कि ब्रिटिश शासन के दौरान 1873 में कुछ समुदायों को जन्म से ही अपराधी मानने वाला कानून लागू किया गया था। भारत की आजादी के बाद भी यह कानून जारी रहा और 31 अगस्त 1952 को इसे समाप्त किया गया। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में विमुक्ति दिवस मनाया जाता है।

‘रक्षा’ प्रोजेक्ट के जरिए समुदायों के लिए काम

राजस्थान महिला कल्याण मंडल ने वर्ष 2025 में ‘रक्षा’ प्रोजेक्ट शुरू किया। इसके तहत विमुक्त एवं घुमंतू समुदायों के लोगों को बुनियादी पहचान और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने पर काम किया जा रहा है। इनमें आधार कार्ड, पैन कार्ड, मकान की रजिस्ट्री और पट्टा जैसे दस्तावेज शामिल हैं।

संस्था के निदेशक के अनुसार, शाहपुरा पंचायत समिति, ब्यावर क्षेत्र में एक व्यक्ति को करीब 50 साल बाद उसके मकान और जमीन का पट्टा दिलाया गया। संस्था का उद्देश्य ऐसे लोगों को उनके बुनियादी दस्तावेजों और अधिकारों से जोड़ना है।

शिक्षा और स्कूल में रिटेंशन पर फोकस

प्रोजेक्ट के तहत आसपास के सरकारी स्कूलों में बच्चों का नामांकन कराने के साथ उनकी पढ़ाई जारी रखने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। राजस्थान महिला कल्याण मंडल द्वारा संचालित दो समावेशी स्कूलों में भी इन समुदायों के बच्चों का नामांकन कराया गया है।

इसके अलावा ICDS, स्वास्थ्य और पोषण जैसी सरकारी सुविधाओं को समुदायों तक पहुंचाने के लिए संस्था की ओर से स्टाफ नियुक्त किया गया है। संस्था के अनुसार, जागरूकता की कमी के कारण कई बार पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाता, इसलिए उन्हें इन सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

विमुक्त एवं घुमंतू समुदायों को शिक्षा, पहचान के दस्तावेज और सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर।

150 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

विमुक्ति दिवस कार्यक्रम में 150 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में मनोरंजन गतिविधियों, खेल और नृत्य का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विभिन्न समुदायों के नेताओं के साथ संवाद कर समाज की बेहतरी के लिए आगे किए जाने वाले कार्यों पर चर्चा की गई।

Share This Article
Leave a Comment