अजमेर में नगर निकाय चुनाव को लेकर आज नाम वापसी का अंतिम दिन है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की ओर से बागी उम्मीदवारों को मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ज्यादातर बागी उम्मीदवार फिलहाल चुनाव मैदान में डटे हुए हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शाम तक चुनावी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
गेस्ट हाउस में विदेशी नागरिक को ठहराने का मामला
अजमेर के खादिम मोहल्ला स्थित एक गेस्ट हाउस में विदेशी नागरिक को पुलिस को निर्धारित समय पर सूचना दिए बिना ठहराने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को एक बांग्लादेशी नागरिक गेस्ट हाउस में ठहरा था, जिसकी जानकारी समय पर पुलिस को नहीं दी गई। मामले में गेस्ट हाउस संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक
जन्माष्टमी के पर्व को लेकर अजमेर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। नया बाजार में लड्डू गोपाल की पोशाक, झूले, सिंहासन, मुकुट, माला और अन्य श्रृंगार सामग्री की खरीदारी के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार लड्डू गोपाल की ड्रेस की मांग सबसे अधिक है।
दुकानदारों ने बताया कि लड्डू गोपाल की पोशाकें करीब 10 रुपये से शुरू हो रही हैं और साइज व डिजाइन के अनुसार कीमत बढ़ती है। बाजार में फैंसी और लकड़ी के झूलों के साथ ग्राहकों की मांग के अनुसार अलग-अलग वैरायटी उपलब्ध कराई जा रही है।
जन्माष्टमी से पहले लड्डू गोपाल की पोशाक, झूले और श्रृंगार सामग्री की खरीदारी बढ़ी।
दुकानदारों ने ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन का असर पारंपरिक बाजार पर पड़ने की बात कही। हालांकि, उनका कहना है कि ग्राहक बाजार में आकर सामान की क्वालिटी, कीमत और वैरायटी को सामने से देखकर भी खरीदारी कर सकते हैं।
मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
अजमेर में मारपीट के मामले में कृष्णगंज थाना पुलिस ने दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जवाजा में वीर तेजाजी महाराज का वार्षिक मेला
ब्यावर के जवाजा गांव में वीर तेजाजी महाराज के दरबार में वार्षिक मेले का आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे शुरू हुए मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा।



